ऐप पर पढ़ें
राजस्थान में आरएएस (प्री) एग्जाम-2023 संपन्न हो चुका है। इस बार हुए एग्जाम में कैंडिडेट्स की 65.71% उपस्थिति दर्ज की गई। इससे पहले कुल 6 लाख 96 हजार 969 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे। इसमें से 4 लाख 57 हजार 957 उपस्थित रहे। वहीं आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 2 लाख 39 हजार 012 ने परीक्षा नहीं दी।
जारी आंकड़ों के अनुसार परीक्षा में सबसे कम उपस्थिति अजमेर और उदयपुर जिलों में रही जहां अजमेर में 55.90 कैंडिडेट्स की उपस्थिति दर्ज हुई। वहीं उदयपुर में सबसे कम 43.45 दर्ज की गई। सबसे ज्यादा कैंडिडेट्स (79.04) सलूम्बर जिले में आए।
ऑप्शन के लिए मिला 10 मिनट एक्स्ट्रा
पेपर में आए 5 वें ऑप्शन को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह नजर आया है। अजमेर की नेहा जांगिड़ ने बताया कि एक ऑप्शन बढ़ने से टाइम तो लगा लेकिन हमें 10 मिनट एक्स्ट्रा दिए गए थे। इससे अब बाद में ओएमआर शीट भरने की संभावनाएं खत्म हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि सेंटरों पर पिछले साल की तुलना में अब अधिक सख्ती बरती गई। कोई 1 मिनट भी लेट आया तो उसे एंट्री नहीं दी गई थी। अंदर भी सख्ती थी, ड्रेस कोड को लेकर ज्यादा सख्ती बरती गई। ऑलओवर ट्रिकी पेपर था। RPSC की ओर से RAS-2023 प्रारंभिक परीक्षा रविवार को 46 जिलों में आयोजित की गई थी। केन्द्रों पर कैंडिडेट्स सुबह नौ बजे से पहुंचना शुरू हो गए थे। हालांकि, 10 बजे बाद एंट्री बंद कर दी गई। सेंटरों के मेन गेट बंद कर दिए गए। सेंटरों पर लेट पहुंचने वाले अभ्यर्थी एंट्री की गुहार लगाते रहे।
लेट लतीफी पर अभ्यर्थियों को नहीं मिली एंट्री
आयोग के नियमों के चलते कई अभ्यर्थियों को एंट्री नहीं दी गई। कई सेंटरों पर पुलिस ने लेट आए अभ्यर्थियों को धक्के देकर बाहर निकाल दिया। वहीं कई कैंडिडेट्स ने हंगामा किया तो पुलिस ने समझाइश की। इस दौरान जो भी अभ्यर्थी अंदर आ गए थे उनकी चेकिंग जारी रही। बाहर रह गए कैंडिडेट्स को अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। RPSC सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि सभी जगहों पर परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। किसी जगह से कोई व्यवधान की सूचना नहीं है। परीक्षा को लेकर सभी जिलों के सेन्टरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।