ऐप पर पढ़ें
Rajasthan Vidhansbha Chunav Survey: साल के आखिर में राजस्थान समेत तीन और राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों को लेकर तीनों राज्यों का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पार्टी के बड़े नेता लागातार इन राज्यों का दौरा भी कर रहे हैं। इन तीनों राज्यों में राजस्थान का चुनाव काफी दिलचस्प होता हुआ दिखाई दे रहा है। लोगों के मन में सवाल आ रहे हैं कि राजस्थान में इस बार फिर से गहलोत अपना ‘जादू’ चलाकर रिवाज बदलेंगे या राजस्थान में भाजपा का कब्जा हो जाएगा। इस बीच राजस्थान चुनावों को लेकर एक सर्वे भी सामने आया है। इस सर्वे में बताया गया है कि राजस्थान में आखिर किसकी सरकार आने वाली है। सर्वे के नतीजे कांग्रेस के लिए चौंकाने वाले हैं।
क्या रहे नतीजे
हाल ही में राजस्थान चुनावों को लेकर इंडिया टीवी-ईटीजी द्वारा एक सर्वे किया गया। सर्वे में राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 91-101 सीटें मिलीं जबकि भाजपा को इस सर्वे में बढ़त मिली हुई है। सर्वे के अनुसार, राजस्थान में भाजपा कांग्रेस से आगे निकल रही है। सर्वे में भाजपा को 95-105 सीटें मिली हैं। इस सर्वे में अन्य पार्टियों को भी 3-6 सीटें मिली हैं। इस ताजा सर्वे से कांग्रेस की टेंशन बढ़ने वाली है।
ढुंढाड़ में कांग्रेस आगे
सर्वे में भाजपा, कांग्रेस से आगे दिख रही है लेकिन राजस्थान के ढुंढाल संभाग में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है। इस सर्वे की बात मानें तो इस संभाग में कांग्रेस को 28-30 सीटें जबकि भाजपा को 27-29 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं।
मारवाड़ में भाजपा मजबूत
सर्वे के अनुसार, राजस्थान के मारवाड़ संभाग में भाजपा आगे चल रही है। यहां कांग्रेस पिछड़ती हुई दिखाई दे रही है। सर्वे के मुताबिक, यहां कांग्रेस को 27-29 सीटें जबकि भाजपा को 30-32 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं।
मेवाड़ में कांटे की टक्कर
सर्वे के अनुसार, राजस्थान के मेवाड़ संभाग में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों को 20-22 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं।
हाड़ौती में भाजपा आगे
सर्वे के अनुसार, हाड़ौती संभाग में भी भाजपा आगे दिख रही है। इस संभाग में कांग्रेस को 7-9 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि भाजपा को 8-10 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही है। इसी तरह शेखावटी में भी भाजपा, कांग्रेस से आगे दिख रही है। यहां कांग्रेस को 9-11 सीटें, जबकि भाजपा को 10-12 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं।