
चूरू जिले के कातर उप तहसील क्षेत्र के गांव ऊंटालड़ में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में पानी का कुंड खोदते समय अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे पास में खड़े किसान किशन सिंह मलबे के नीचे दब गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन मलबा अधिक होने के कारण रेस्क्यू में काफी समय लग गया।
सात घंटे चला रेस्क्यू अभियान
ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से तीन जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों की सहायता से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब एक बजे किसान किशन सिंह को मलबे से बाहर निकाला गया।
बीकानेर की ताजा खबरें WhatsApp पर पाने के लिए
Bikaner News WhatsApp Group जरूर जॉइन करें
👉 https://abtakbharat.com/bikaner-news-whatsapp-group
हालांकि काफी देर तक मलबे में दबे रहने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सांडवा पुलिस मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य के दौरान बीदासर तहसीलदार, पटवारी, सरपंच, ग्रामसेवक सुरेश और मेडिकल टीम भी मौके पर मौजूद रही और पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी करती रही।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सांडवा की मोर्चरी में रखवाया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और मृतक किसान के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










