Sri Ganganagar News: 50 करोड़ की हेरोइन जब्त, ड्रोन से आई खेप, 5 तस्कर गिरफ्तार
श्रीगंगानगर: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने करीब 50 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पंजाब के तीन सहित कुल 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
Sikar Crime News: फाइनेंस ऑफिस में 50 वर्षीय महिला से अश्लीलता, मैनेजर पर गंभीर आरोप
ड्रोन से पाकिस्तान से आई थी खेप
एसपी हरिशंकर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में हेरोइन गिराई गई थी। सुरक्षा एजेंसियों को गांव 2 केएनडी में तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।
पंजाब से डिलीवरी लेने पहुंचे थे तस्कर
पंजाब के जलालाबाद निवासी तीन तस्कर बाइक से श्रीगंगानगर पहुंचे थे। ये आरोपी हेरोइन की डिलीवरी लेने रावला क्षेत्र की ओर जा रहे थे, लेकिन पदमपुर के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए।
नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्क टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने तस्करी में शामिल होने की बात कबूल की।
20 पैकेट हेरोइन और हथियार बरामद
आरोपियों के पास से 20 पैकेट हेरोइन बरामद हुई, जिसमें प्रत्येक पैकेट लगभग आधा किलो का था। इसके अलावा एक पिस्टल और दो मैगजीन भी बरामद की गई हैं।
ड्रॉपिंग प्लान बदला गया
जांच में सामने आया कि पहले श्रीकरणपुर क्षेत्र में ड्रॉपिंग की योजना थी, लेकिन सुरक्षा बढ़ने के कारण प्लान बदलकर रावला के 2 केएनडी क्षेत्र में हेरोइन गिराई गई।
पहले से दर्ज हैं केस
गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
सीमा क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बीएसएफ और पुलिस द्वारा संयुक्त गश्त तेज कर दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।