नोखा. नोखा थाना पुलिस ने बारां जिले की एक युवती की शिकायत पर नोखा निवासी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, बंधक बनाने, धमकी देने और ब्लैकमेल करने सहित विभिन्न धाराओं में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की है। मामला पुलिस अधीक्षक बारां को दिए गए परिवाद के आधार पर डाक के माध्यम से नोखा थाने पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर किया संपर्क
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती है। आरोप है कि करीब दो-तीन महीने पहले नोखा निवासी गोविंदराम कुम्हार ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उससे संपर्क किया और लगातार बातचीत करता रहा।
अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर नोखा बुलाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया से उसकी तस्वीरें लेकर अश्लील फोटो तैयार किए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने कोटा से नोखा तक की बस टिकट भेजी। डर के कारण वह 15 मई को नोखा पहुंच गई।
बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी युवती को दानापानी होटल ले गया, जहां उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा, शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसका मोबाइल, आधार कार्ड और 5 हजार रुपये भी छीन लिए।
मोबाइल से परिचित को किया फोन, फिर पहुंची बारां
पीड़िता के अनुसार मौका मिलने पर उसने आरोपी के मोबाइल से अपने एक परिचित को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह वहां से निकलकर पहले कोटा और फिर बारां पहुंची।
जीरो एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार फोन कर जान से मारने और अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। उसने बताया कि पहले स्थानीय थाने में शिकायत देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बाद में पुलिस अधीक्षक बारां को परिवाद देने पर मामला नोखा थाने भेजा गया। नोखा पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।