पूगल. पूगल थाना क्षेत्र के चक 1 डीआरएम में खेत में करंट की चपेट में आने से दो नीलगायों की मौत हो गई। घटना के बाद जीवन रक्षा संस्था के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
खेत में करंट की तार लगाने का आरोप
संस्था के पदाधिकारियों का आरोप है कि संबंधित खेत मालिक ने जानबूझकर अपने खेत में करंट प्रवाहित तार लगा रखी थी। इसी तार की चपेट में आने से दो नीलगायों की मौके पर ही मौत हो गई।
जीव हत्या का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग
जीवन रक्षा संस्था ने इस घटना को वन्यजीवों की हत्या बताते हुए संबंधित खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। संस्था का कहना है कि इस तरह खेतों में करंट छोड़ना गंभीर अपराध है और इससे वन्यजीवों की लगातार जान जा रही है।
वन विभाग को सौंपी शिकायत
संस्था के पदाधिकारियों ने पूरे मामले की लिखित शिकायत वन विभाग को सौंप दी है। उन्होंने दोनों नीलगायों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में संबंधित विभाग की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।