बीकानेर

बीकानेर में ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, ₹1.25 लाख लूटकर फरार हुए बदमाश

बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक के साथ जानलेवा हमला कर ₹1.25 लाख की लूट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल चालक का इलाज पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घायल ट्रक चालक मनोज पुत्र राजाराम विश्नोई, निवासी बंधाला (थाना पांचू), हाल बीकानेर ने बताया कि वह ट्रक चालक है और हेतराम खींचड़ का ट्रक चलाता है। 19 जुलाई को वह पंजाब के जालंधर से माल लेकर उदयरासर बाईपास स्थित मुस्कान होटल पहुंचा था। ट्रक मालिक के बेटे मनोज ने उसे टायरों के भुगतान के लिए ₹1 लाख और गाड़ी के खर्च के लिए ₹25 हजार दिए थे।

पीड़ित के अनुसार रात में वह ट्रक में ही सो रहा था। देर रात करीब 3 से 3:30 बजे एक कैंपर गाड़ी में सवार होकर तीन युवक मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हनुमान भाम्भू निवासी जेडी मगरा सहित अन्य दो युवकों ने लोहे की रॉड और लाठियों से ट्रक के शीशे तोड़ दिए।

इसके बाद आरोपी ट्रक की कैबिन में घुस गए और चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की। बचने के लिए नीचे उतरने पर पैर में चोट लगने के कारण वह भाग नहीं सका। आरोप है कि आरोपियों ने लाठियों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसके सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं तथा पैर फ्रैक्चर हो गया।

मनोज ने बताया कि आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। जाते समय ट्रक में रखे ₹1.25 लाख भी लूट ले गए। बाद में साथी मौके पर पहुंचे और घायल को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।

गंगाशहर थाना पुलिस ने घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास, लूट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई मदनलाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here