Bikaner News: RD-820 नहर में डूबे युवक का दूसरे दिन भी नहीं मिला शव, SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
बीकानेर: RD-820 नहर में डूबे युवक का शव दूसरे दिन शनिवार को भी बरामद नहीं हो सका। SDRF और पुलिस की टीमें लगातार नहर में तलाशी अभियान चला रही हैं, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब नहर में एक युवक के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF टीम को सूचना दी गई।
शनिवार सुबह हेड कांस्टेबल जगदीश SDRF टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान गजनेर थाने के ASI गजेंद्र सिंह भी मौके पर मौजूद रहे और बचाव एवं खोज अभियान की निगरानी करते रहे।
SDRF टीम ने दिनभर नहर के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस और SDRF की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है।
मजदूरी करता था युवक
पुलिस के अनुसार नहर में डूबने वाला युवक जेठाराम मेघवाल निवासी किशनपुरा उत्तरादा, थाना संगरिया था। जेठाराम RD-820 स्थित एक अनार फार्म हाउस पर मजदूरी का काम करता था।
परिजनों को घटना की सूचना मिलने के बाद से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और SDRF टीम द्वारा शव की तलाश का अभियान लगातार जारी है।