बीकानेर में 10 मिनट की बारिश से मिली राहत, 3 से 5 अगस्त तक फिर तेज बारिश के आसार
बीकानेर। रविवार को भीषण गर्मी और उमस से परेशान बीकानेरवासियों को दोपहर में हुई बारिश ने कुछ राहत दी। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन हवा बंद होने से उमस लगातार बढ़ती रही। दोपहर करीब एक बजे मौसम ने अचानक करवट ली और पहले हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। हालांकि यह बारिश करीब 10 मिनट तक ही रही और शहर के कुछ हिस्सों तक सीमित रही।
बारिश थमने के बाद धूप और बादलों की आवाजाही के बीच उमस फिर बढ़ गई, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। राववाला क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई, जबकि सूड़सर में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना वेल मार्क लो-प्रेशर एरिया अब कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। वर्तमान में यह सिस्टम दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर सक्रिय है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 अगस्त से मानसून ट्रफ लाइन उत्तर की ओर शिफ्ट होगी, जिससे बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग में 3 से 5 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।
बीकानेर शहर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार और मंगलवार को भी अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। यदि अनुमान के अनुसार बारिश होती है तो लगातार बनी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।