ताजा अपडेट राजस्थान

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या: साथी कैदी ने तौलिए से गला घोंटा, लूडो खेलने के बाद वारदात

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या, साथी कैदी ने तौलिए से गला घोंटकर मार डाला

अजमेर। अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में सोमवार को कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या से हड़कंप मच गया। जेल में बंद एक अन्य हार्डकोर कैदी ने तौलिए से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

एक ही बैरक में बंद थे दोनों आरोपी

जानकारी के अनुसार भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु और डकैत जगन गुर्जर एक ही बैरक में बंद थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने सुबह बैरक की सफाई की और साथ में लूडो भी खेला था।

जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ के अनुसार जगन गुर्जर मार्च 2026 से हाई सिक्योरिटी जेल में बंद था, जबकि विष्णु करीब तीन साल से जेल में था।

बैरक खुलने पर मिला शव

जेल अधिकारियों के मुताबिक दोपहर के समय बैरक बंद होने के दौरान स्टाफ राउंड पर पहुंचा तो जगन गुर्जर की बॉडी पड़ी मिली। वहीं बैरक में मौजूद विष्णु से पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसने जगन को मार डाला।

तौलिए से गला घोंटने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विष्णु ने तौलिए से जगन गुर्जर का गला दबाकर हत्या की। मौके से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

छोटे विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी छोटे विवाद को लेकर हत्या की बात सामने आ रही है। फिलहाल गैंगवार जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।

सूत्रों के अनुसार सुबह नाश्ते के समय दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोपहर में बैरक बंद होने के दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जगन गुर्जर उसे अलग-अलग बातों पर परेशान करता था।

पुलिस जांच में जुटी

जेल प्रशासन और पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है। हाई सिक्योरिटी जेल में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here