Bikaner News: फोटो वायरल करने की धमकी देकर शोषण, लीव-इन दस्तावेज और बंधक बनाने का आरोप
बीकानेर/छतरगढ़. छतरगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक युवक और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका शोषण किया, दबाव बनाकर लीव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेज तैयार करवाए और बाद में उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा। पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
नहाते समय तस्वीरें लेने और ब्लैकमेल करने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2012 में हुआ था और उसका 11 वर्षीय पुत्र है। आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले उसके पति की दुकान के पास काम करने वाला दिनेश गोदारा पुत्र रामेश्वर लाल गोदारा, निवासी चक 6 केपीएम (छतरगढ़), घर पर सामान देने आया था। महिला का आरोप है कि उसी दौरान आरोपी ने उसके नहाते समय मोबाइल से तस्वीरें खींच लीं।
शिकायत के अनुसार अगले दिन आरोपी दोबारा घर पहुंचा। उस समय महिला घर पर अकेली थी। आरोप है कि तस्वीरें वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और घटना का वीडियो बनाकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। महिला का दावा है कि इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी ने कई बार उसका शोषण किया।
लीव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेज बनवाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसके पति और बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता रहा। शिकायत के अनुसार 23 मार्च 2026 को आरोपी उसे दबाव बनाकर बीकानेर ले गया, जहां उससे लीव-इन रिलेशनशिप से जुड़े दस्तावेज तैयार करवाए गए। इसके बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर रखा गया।
गहने और नकदी लेकर साथ ले जाने का दावा
महिला का आरोप है कि 23 जून को आरोपी ने फोन कर उसके पति को जान से मारने की धमकी दी और गहने तथा नकदी लेकर आने के लिए कहा। डर के कारण वह घर से करीब 95 ग्राम सोने के आभूषण, चार लाख रुपये नकद, चांदी की पायल, मोबाइल फोन और कपड़े लेकर आरोपी के साथ चली गई। शिकायत में आरोप है कि इसके बाद हनुमानगढ़ के एक होटल में भी उसके साथ जबरदस्ती की गई।
15 दिन तक कमरे में बंधक रखने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे अपने रिश्तेदारों के घर दूधवाली ढाणी (हनुमानगढ़) ले गया, जहां करीब 15 दिनों तक कमरे में बंद रखा गया। इस दौरान आरोपी और उसके रिश्तेदार लगातार उस पर पति से तलाक लेने का दबाव बनाते रहे और विरोध करने पर मारपीट की गई।
कोर्ट में बयान देने के लिए दबाव बनाने का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 10 जुलाई को आरोपी और उसके रिश्तेदारों ने कथित रूप से गनमैन और बाउंसर बुलाकर उसे डराया-धमकाया तथा कोर्ट में अपने पक्ष में बयान देने के लिए मजबूर किया। महिला का कहना है कि इसके बाद भी उसे दोबारा कमरे में बंद रखा गया और लगातार धमकियां दी जाती रहीं।
मौका मिलते ही परिजनों को दी सूचना
महिला ने बताया कि 11 जुलाई की रात आरोपी उसे जबरन कार में ले जाने का प्रयास कर रहा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और अभद्र व्यवहार किया गया। बाद में उसे छतरगढ़ की एक कॉलोनी में रखा गया, जहां मौका मिलने पर वह वहां से निकलने में सफल रही और अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए।
पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत पर आधारित है। मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।