डूंगरगढ़

श्रीडूंगरगढ़ में स्कूल पर छात्रों का ताला! 250 विद्यार्थियों के लिए सिर्फ 4 शिक्षक, धरने पर बैठे छात्र-ग्रामीण

श्रीडूंगरगढ़ में स्कूल पर छात्रों का ताला, शिक्षक नहीं मिलने से धरने पर बैठे विद्यार्थी

श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के डेलवा गांव में बुधवार सुबह सरकारी स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की कमी के विरोध में स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए। विद्यार्थियों ने स्कूल में प्रवेश करने से इनकार करते हुए शिक्षा विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में करीब 250 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि 15 स्वीकृत पदों के मुकाबले वर्तमान में केवल 4 शिक्षक ही कार्यरत हैं। शिक्षकों की भारी कमी के कारण पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है और नियमित शिक्षण व्यवस्था ठप पड़ी है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और विद्यार्थियों के समर्थन में धरने में शामिल हो गए।

ग्रामीण राजपाल ने बताया कि गांव के स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया जा रहा है, लेकिन शिक्षा विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है और यदि जल्द ही पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।

ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने शिक्षा विभाग से तत्काल रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यालय में नियमित शिक्षण व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here