कोलायत में कार्तिक पूर्णिमा मेला: कपिल मुनि सरोवर पर आस्था का विशाल सैलाब, महाआरती ने मोहा मन

Dec 27, 2025 - 22:49
 0
कोलायत में कार्तिक पूर्णिमा मेला: कपिल मुनि सरोवर पर आस्था का विशाल सैलाब, महाआरती ने मोहा मन

कोलायत कपिल मुनि सरोवर पर कार्तिक पूर्णिमा का भव्य मेला, आस्था का उमड़ा सैलाब

कोलायत (बीकानेर), 5 नवम्बर 2025। पवित्र कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को श्री कोलायत स्थित कपिल मुनि सरोवर पर श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना कर दीपदान किया।

सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होना शुरू हो गई थी। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दीपदान किया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का दौर पूरे दिन चलता रहा। प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो इसके पूरे इंतजाम किए गए।

शाम होते ही सरोवर तट पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया जिसने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया। महाआरती के दौरान विधायक अंशुमान सिंह भाटी, विधायक जेठानंद व्यास, संभागीय आयुक्त विश्राम मीना, बीकानेर आईजी हेमंत शर्मा, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक जी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशन आचार्य, पूर्व प्रधान जयवीर सिंह, रविन्द्र सिंह चौहान, मंगेज सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस बार मेले की व्यवस्थाओं का नेतृत्व विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने स्वयं किया। उन्होंने पेयजल, यातायात, प्रकाश एवं सफाई जैसी तमाम सुविधाओं की तैयारियों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और लगातार मॉनिटरिंग की।

प्रशासन और पुलिस विभाग की टीम भी पूरे समय सक्रिय रही। उपखंड अधिकारी राजेश नायक, तहसीलदार पूनम कंवर, पुलिस उपअधीक्षक संग्राम सिंह तथा थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह ने भी पूरे दिन व्यवस्थाओं की निगरानी की।

गुरुनानक जयंती होने के कारण गुरुद्वारा साहिब में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सिख समाज ने विशाल लंगर का आयोजन कर सेवा और सद्भाव का संदेश दिया।

पुजारी सोनू सेवग और बनवारीलाल सेवग की अगुवाई में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, हवन और शाम को महाआरती संपन्न हुई। संध्या के समय दीपों की रोशनी से सरोवर का वातावरण जगमगा उठा। श्रद्धालुओं के “हर हर कपिल मुनि” के जयघोष से पूरा कोलायत क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

कपिल मुनि मेला अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह लोक संस्कृति, सामूहिक आस्था और सामाजिक एकता का भव्य प्रतीक बन चुका है। प्रशासन, पंचायत समिति, पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से यह मेला शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Admin Mukesh Raika एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट क्रिएटर हैं, जो बिज़नेस, टेक्नोलॉजी, क्रिप्टोकरेंसी और फाइनेंस से जुड़ी ताज़ा खबरों और विश्लेषणों पर गहरी पकड़ रखते हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, रिसर्च-बेस्ड और SEO फ्रेंडली होती है, जिससे पाठक विश्वसनीय जानकारी के साथ स्मार्ट निर्णय ले सकते हैं।