श्रीडूंगरगढ़ के सरकारी स्कूल में खौफनाक तस्वीर: कमरे खोलते ही नीचे गिरी मिली छत की पट्टियां, टला बड़ा हादसा
श्रीडूंगरगढ़। प्रदेश में सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तोलियासर गांव स्थित सरकारी स्कूल से एक डराने वाली तस्वीर सामने आई है।
सोमवार सुबह जब शिक्षक स्कूल खोलने पहुंचे और कमरों के दरवाजे खोले तो वे हैरान रह गए। कमरों की छत की पट्टियां टूटकर नीचे फर्नीचर पर गिरी हुई मिलीं।
बच्चों के आने से पहले टला बड़ा हादसा
घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। इसके बाद एक-एक करके सभी कमरों की जांच की गई तो कई कमरों की छत की पट्टियां जर्जर हालत में मिलीं।
गनीमत रही कि यह घटना बच्चों के स्कूल पहुंचने से पहले हो गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और सरपंच प्रतिनिधि गिरधारी सिंह स्कूल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
पहले ही घोषित हो चुके थे कई कमरे जर्जर
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल भवन काफी समय से खराब हालत में है। कुछ दिन पहले ही स्कूल के कई कमरों को जर्जर घोषित किया गया था। इसके बावजूद भवन में पढ़ाई जारी थी।
अब छत की पट्टियां गिरने की घटना के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।