नोखा बीकानेर

नोखा में दिनदहाड़े 50 लाख से अधिक की कैश लूट, हथियारबंद बदमाश बैंक वैन से कैश बॉक्स लेकर फरार

बीकानेर। नोखा क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बैंक की कैश वैन से 50 लाख रुपए से अधिक की नगदी लूटे जाने की बड़ी वारदात सामने आई है। पांचू थाना क्षेत्र के साधुना और सारुडा गांव के बीच सड़क मार्ग पर कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए चार हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को रुकवाकर कैश बॉक्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैंक की कैश वैन विभिन्न शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान साधुना-सारुडा मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने वाहन को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और कुछ ही मिनटों में कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कैश बॉक्स में 50 लाख रुपए से अधिक की नगदी थी। हालांकि पुलिस अभी लूटी गई राशि का आधिकारिक सत्यापन कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वृताधिकारी (सीओ) जरनैल सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी करवा दी है तथा संदिग्ध वाहनों और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित रूटों पर जांच में जुटी हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने बैंक कैश वैन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कैश वाहन में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। ऐसे में बदमाशों ने आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली।

नोखा क्षेत्र की बड़ी कैश लूट

नोखा क्षेत्र में दिनदहाड़े बैंक की कैश वैन से लाखों रुपए की लूट की यह पहली बड़ी घटना मानी जा रही है। घटना के बाद बैंकिंग संस्थानों और आम लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस लूटी गई राशि, बदमाशों की पहचान और वारदात के पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here