पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता: नायरा एनर्जी ने घटाए पेट्रोल में ₹5 और डीजल में ₹3 प्रति लीटर दाम
नई दिल्ली। देश में बढ़ती महंगाई के बीच वाहन चालकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। देश की बड़ी निजी फ्यूल रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की कमी की है।
भोपाल में नए रेट लागू
कटौती के बाद भोपाल में पेट्रोल की कीमत घटकर 119.79 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 102.57 रुपए प्रति लीटर हो गई है। हालांकि अलग-अलग राज्यों में टैक्स और वैट की दरों के कारण शहरों के हिसाब से कीमतों में अंतर बना रहेगा।
क्रूड ऑयल सस्ता होने से मिली राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। क्रूड ऑयल करीब 73 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। इससे पहले अमेरिका-ईरान तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई थीं।
तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में गिरावट देखने को मिली, जिसका असर अब फ्यूल कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
7000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लागू हुई नई दरें
नायरा एनर्जी के देशभर में 7 हजार से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। कंपनी ने सभी आउटलेट्स पर नई कीमतें लागू कर दी हैं।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम
जहां नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल सस्ता किया है, वहीं सरकारी तेल कंपनियां IOC, BPCL और HPCL ने फिलहाल कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
मई में बढ़े थे पेट्रोल-डीजल के दाम
सरकारी तेल कंपनियों ने मई महीने में अंतरराष्ट्रीय क्रूड ऑयल महंगा होने का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की थी। कंपनियों ने किस्तों में दोनों ईंधनों के दाम करीब 7.50 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए थे।
देश के एक लाख से ज्यादा पेट्रोल पंपों में बड़ी हिस्सेदारी सरकारी तेल कंपनियों की है, इसलिए आम ग्राहकों पर इन कंपनियों के फैसले का सीधा असर पड़ता है।