करंट की अफवाह और फिर भगदड़… लखीसराय में 7 महिलाओं की मौत, 23 से ज्यादा घायल
लखीसराय। बिहार के लखीसराय में सोमवार को मंदिर जाने वाले रास्ते पर बड़ा हादसा हो गया। अशोकधाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पोल गिरने के बाद फैली करंट की अफवाह
लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया था। इसके बाद मौके पर यह अफवाह फैल गई कि लोगों के ऊपर बिजली की चालू लाइन का तार गिर गया है। हालांकि, प्रशासन के अनुसार वह बिजली का तार नहीं बल्कि डिश/इंटरनेट का केबल वायर था।
करंट की अफवाह फैलते ही भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। पुरुषों की तरफ से बढ़ा भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन की ओर पहुंच गया। इसके बाद कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
7 महिलाओं की मौत, 23 से ज्यादा घायल
हादसे में अब तक 7 महिलाओं की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं 23 से ज्यादा श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। इनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
चार मृतकों की पहचान
प्रशासन के अनुसार हादसे में मृत चार महिलाओं की पहचान हो चुकी है। इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी और हेमलता देवी तथा मुंगेर की रिंकू देवी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
श्रद्धालुओं ने बताया कैसे मची भगदड़
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं के अनुसार मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ थी। इसी दौरान पोल गिरने और करंट लगने की बात तेजी से फैल गई। अफवाह के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान बैरिकेडिंग टूट गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।
राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख
लखीसराय हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। हादसा किस तरह हुआ और भगदड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में क्या स्थिति रही, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।