ताजा अपडेट देश

उज्जैन महाकाल मंदिर में भगदड़ जैसे हालात, बैरिकेडिंग टूटी; कई श्रद्धालु घायल

उज्जैन महाकाल मंदिर में भगदड़ जैसे हालात, बैरिकेडिंग टूटी; कई श्रद्धालु घायल

उज्जैन। नागपंचमी और सावन के सोमवार के चलते उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के लिए लगी लंबी कतार के बीच अचानक भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस दौरान बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ने से कुछ श्रद्धालु नीचे गिर गए।

जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग में करंट फैलने की अफवाह के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। भीड़ के दबाव के कारण कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। घटना में करीब 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। सभी को उपचार के लिए उज्जैन जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

40 हजार श्रद्धालु कतार में

पुलिस के अनुसार नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के लिए करीब 40 हजार श्रद्धालु कतार में लगे हुए थे। नागपंचमी के अवसर पर साल में एक बार 24 घंटे के लिए खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अब तक लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन करने की जानकारी सामने आई है।

नागचंद्रेश्वर मंदिर महाकाल मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित है और नागपंचमी के दिन ही श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है। इस बार नागपंचमी और सावन का सोमवार एक साथ होने के कारण मंदिर में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक भीड़ रही।

बैरिकेडिंग पर बढ़ा दबाव, कुछ श्रद्धालु नीचे गिरे

भारी भीड़ के कारण दर्शन मार्ग में बैरिकेडिंग पर लगातार दबाव बढ़ता गया। सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे। इसी दौरान बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया और कई श्रद्धालु नीचे गिर गए। पीछे से लगातार भीड़ का दबाव आने के कारण कुछ समय के लिए स्थिति बिगड़ गई।

कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि वे कई घंटे से लाइन में खड़े थे। लाइन आगे बढ़ने के दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हुई और बैरिकेड गिरने से कुछ लोग उसके नीचे दब गए।

13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी

भीड़ के दबाव और गिरने की घटना में कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस और प्रशासन की मदद से उन्हें बाहर निकालकर मेडिकल कैंप और अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ श्रद्धालुओं को चोटें भी आई हैं।

घायलों में अलग-अलग स्थानों से उज्जैन पहुंचे श्रद्धालु शामिल हैं। एक घायल श्रद्धालु ने बताया कि वह कई घंटे से दर्शन की लाइन में लगा था और बैरिकेड गिरने से उसके पैर में चोट आई।

पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और श्रद्धालुओं के दर्शन जारी हैं।

महाकाल मंदिर प्रशासन की ओर से कहा गया है कि नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था जारी है और श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर रहे हैं।

आज तीन बड़े आयोजनों के चलते भारी भीड़

उज्जैन में सोमवार को एक साथ कई बड़े धार्मिक आयोजन होने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के अलावा सावन का सोमवार होने से महाकाल मंदिर में भी बड़ी भीड़ है। वहीं भगवान महाकाल की तीसरी सवारी भी शाम को निकाली जानी है।

पुलिस के अनुसार इन आयोजनों को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रशासन की ओर से लगातार भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।

मंदिर प्रशासन ने अफरा-तफरी की बात से किया इनकार

महाकाल मंदिर प्रशासन की ओर से बाद में कहा गया कि नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन निर्बाध रूप से जारी हैं और मंदिर परिसर में किसी तरह की बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई है। प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here