बज्जू

बज्जू: अस्पताल से घर लौट रहे परिवार की कार भिड़ी, नवजात समेत 3 की मौत

बीकानेर में दर्दनाक हादसा: अस्पताल से घर लौट रहे परिवार की कार भिड़ी, नवजात समेत 3 की मौत

बज्जू। बज्जू थाना क्षेत्र में बीकमपुर मार्ग पर भड़ल गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो दिन के नवजात सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार बीकानेर अस्पताल से नवप्रसूता को डिस्चार्ज करवाकर स्विफ्ट कार से अपने गांव मदासर लौट रहा था।

कैंपर और स्विफ्ट की आमने-सामने भिड़ंत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भड़ल गांव के पास सामने से आ रही कैंपर गाड़ी और स्विफ्ट कार के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो भी दुर्घटनाग्रस्त कार से टकरा गई।

कार में सवार था एक ही परिवार

बताया गया कि स्विफ्ट कार में मदासर निवासी मनीष पुत्र शैलूराम मांजू, उनकी बहन नवप्रसूता बाधु देवी, दो दिन का नवजात, बुजुर्ग मां ऐलची देवी, उनके काका के बेटे रिछपाल पुत्र बुधराम मांजू तथा उनकी पत्नी संगीता देवी सवार थे।

अस्पताल पहुंचते ही एक को मृत घोषित किया

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बज्जू उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने रिछपाल मांजू को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर नवजात, बाधु देवी, ऐलची देवी और संगीता देवी को बेहतर उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया।

पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान दो दिन के नवजात और बुजुर्ग ऐलची देवी ने भी दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बाधु देवी और संगीता देवी का उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

हादसे की सूचना मिलते ही बज्जू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी के अनुसार मनीष पुत्र शैलूराम की लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मृतकों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी करवाई है और सड़क हादसे के कारणों की जांच जारी है।

अस्पताल से नवप्रसूता और नवजात को लेकर घर लौट रहे परिवार के साथ हुए इस हादसे से मदासर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here