बज्जू

बज्जू में हाईटेंशन टावर के पास मिली लाश, पहचान नहीं हुई; मौके से मिले कई सुराग

टावर नंबर 143 के पास मिली झुलसी लाश, पास में वायर कटर और आरी… आखिर कौन था मृतक?

बज्जू। बीकमपुर-बाप मार्ग पर बीकमपुर से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे मंगलवार को 132 केवी विद्युत लाइन के टावर नंबर 143 के पास एक अज्ञात व्यक्ति की करंट से झुलसी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना बीकमपुर सरपंच संग्राम सिंह ने पुलिस को दी।

टावर के पास पड़ा मिला शव

सूचना मिलने पर थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहां सरपंच संग्राम सिंह सहित ग्रामीण मौजूद थे। टावर के पास पड़े शव का निरीक्षण करने पर उसके बिजली के करंट से झुलसे होने की बात सामने आई। पुलिस ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना दी और बीकानेर से एफएसएल मोबाइल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

मौके से मिले वायर कटर और आरी

एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फोटोग्राफी की। पुलिस को शव के पास से वायर कटर, फन्नर (आरी), एक चप्पल, गमछा और हीरो मोटरसाइकिल की एक चाबी मिली। वहीं मृतक की जेब से 390 रुपए भी बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

अब तक नहीं हो सकी मृतक की पहचान

पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को उप जिला अस्पताल बज्जू की मोर्चरी में रखवाया है।

गुमशुदगी के मामलों की जांच

पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में अज्ञात व्यक्ति के संबंध में एमपीआर या किसी प्रकरण में गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मृतक के वारिसों की तलाश भी की जा रही है।

बज्जू थाना पुलिस ने मृतक की पहचान से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर बज्जू थाना पुलिस या बीकानेर पीसीआर को सूचना देने की अपील की है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here