बीकानेर

Bikaner News: ₹9.81 करोड़ के बैंक लोन में बड़ा खेल! ऑयल मिल और तीन पार्टनरों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

Bikaner News: 9.81 करोड़ के बैंक लोन में बड़ा खेल! ऑयल मिल और तीन पार्टनरों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

Bikaner News: बिछवाल थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक्सिस बैंक लिमिटेड की ओर से दर्ज परिवाद के आधार पर सूरज ऑयल मिल इंडस्ट्रीज और उसके तीन भागीदारों के खिलाफ करोड़ों रुपये के बैंक ऋण में कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने बैंक से करीब 9 करोड़ 81 लाख 78 हजार 306 रुपये का ऋण लेने के बाद बंधक रखी गई संपत्तियों के मूल दस्तावेज बैंक को उपलब्ध नहीं कराए और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बीकानेर के आदेश पर की गई। परिवादी एक्सिस बैंक लिमिटेड की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि गौरव मिश्रा ने परिवाद प्रस्तुत किया। मामले में मैसर्स सूरज ऑयल मिल इंडस्ट्रीज, उसके भागीदार अजय बाफना, संजय बाफना और प्रमिला देवी बाफना को आरोपी बनाया गया है।

दो चरणों में मिला था बैंक ऋण

परिवाद के अनुसार वर्ष 2022 में आरोपियों ने पहले से कोटक महिंद्रा बैंक से लिए गए ऋण का टेकओवर कराने के लिए एक्सिस बैंक से संपर्क किया। इसके लिए आईजीसी खारा स्थित औद्योगिक भूखंड और रानी बाजार स्थित आवासीय मकान को सुरक्षा के रूप में प्रस्तुत किया गया। बैंक ने दस्तावेजों और आश्वासनों के आधार पर पहले 8.06 करोड़ रुपये तथा बाद में 1.75 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण स्वीकृत कर कुल 9.81 करोड़ रुपये संबंधित खातों में हस्तांतरित कर दिए।

बंधक संपत्तियों के मूल दस्तावेज नहीं सौंपने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि ऋण वितरण के बाद भी आरोपियों ने बंधक संपत्तियों के मूल दस्तावेज बैंक को नहीं सौंपे। बैंक द्वारा कई बार नोटिस और तकादा किए जाने के बावजूद दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए और न ही ऋण चुकाने की दिशा में सहयोग किया गया। बैंक का आरोप है कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और स्वयं अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया।

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला

परिवाद में उल्लेख है कि बैंक ने पहले बिछवाल थाने और बाद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश के बाद बिछवाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here