Bikaner News: बेकाबू थार ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, 200 मीटर तक घसीटा; दोनों की मौत, ड्राइवर फरार
बीकानेर के कोडमदेसर रोड पर तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारकर करीब 200 मीटर तक घसीटा। दोनों की मौत हो गई। ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने पीबीएम अस्पताल में किया विरोध प्रदर्शन।
Bikaner News: बेकाबू थार ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, 200 मीटर तक घसीटा; दोनों की मौत
बीकानेर. जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी और करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
यह हादसा रविवार रात करीब 12:30 बजे बीकानेर के कोडमदेसर रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुआ।
दर्शन कर लौट रहे थे पांच दोस्त
जानकारी के अनुसार पांच युवक तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कोडमदेसर बावड़ी स्थित प्रसिद्ध भैरव मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद सभी युवक वापस बीकानेर की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार गाड़ी ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और थार गाड़ी उन्हें घसीटते हुए करीब 200 मीटर तक ले गई।
दोनों युवकों की हुई मौत
हादसे में मोहित पारीक (22) निवासी सांडवा (चूरू), हाल निवासी शीतला गेट बीकानेर और प्रमोद पंवार (23) निवासी जैन स्कूल के पीछे, गोगागेट बीकानेर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को तुरंत पीबीएम हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मोहित पारीक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि प्रमोद पंवार ने करीब 3.5 घंटे इलाज के बाद दम तोड़ दिया।
ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार
गजनरे थाना SHO राकेश स्वामी ने बताया कि हादसे के बाद थार गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थार गाड़ी के मालिक का नाम रामनिवास ज्याणी है, जो बीकानेर का रहने वाला बताया जा रहा है।
पीबीएम हॉस्पिटल में परिजनों का प्रदर्शन
सोमवार सुबह दोनों मृतकों के परिजन और परिचित पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर इकट्ठा हो गए। परिजनों ने वहां धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
परिजनों का कहना है कि हादसे के जिम्मेदार थार ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जल्द गिरफ्तारी की जाए।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
1