बीकानेर। जिले के पुगल थाना क्षेत्र में नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी मौके पर पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नहर में बहकर आया था शव
पुलिस के अनुसार घटना 24 जुलाई को केडब्ल्यूएम माइनर आरडी-10 पर सामने आई। आडूरी निवासी पंकज सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि नहर में पीछे की ओर से बहकर एक व्यक्ति का शव आया है, जो पूरी तरह सड़ी-गली अवस्था में है।
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया
सूचना मिलते ही पुगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही शव की शिनाख्त कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से भी गुमशुदगी संबंधी रिकॉर्ड का मिलान कर रही है।