ताजा अपडेट राजस्थान

बीकानेर और कोटा के बाद जोधपुर में भी सिजेरियन के बाद 8 प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत, OT बंद

बीकानेर और कोटा के बाद जोधपुर में भी सिजेरियन के बाद 8 प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत, OT बंद

जोधपुर। राजस्थान में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कोटा और बीकानेर के बाद अब जोधपुर के पावटा स्थित डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 8 महिलाओं की हालत बिगड़ गई है।

जानकारी के अनुसार प्रसूताओं को ब्लीडिंग, बीपी लो और संक्रमण जैसी शिकायतें सामने आई हैं। इनमें से दो महिलाओं को किडनी में इंफेक्शन के बाद मथुरा दास माथुर अस्पताल रेफर किया गया है, जहां दोनों का इलाज आईसीयू में चल रहा है।

डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल का ऑपरेशन थिएटर बंद

मामले के बाद पावटा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर (OT) को बंद कर दिया गया है। अस्पताल से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक यहां किसी भी तरह के ऑपरेशन नहीं किए जाएंगे।

8 महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने बताया कि 20 जून को पावटा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में 8 महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। इसके बाद सभी की तबीयत खराब होने लगी।

दो महिलाओं में किडनी इंफेक्शन ज्यादा होने के कारण उन्हें मथुरा दास माथुर अस्पताल भेजा गया है। वहीं अन्य 6 महिलाओं का इलाज पावटा अस्पताल में जारी है।

सेप्टीसीमिया से बिगड़ी स्थिति

डॉक्टरों के अनुसार बाकी महिलाओं में सेप्टीसीमिया यानी खून में संक्रमण की समस्या सामने आई है। एक महिला को ज्यादा ब्लीडिंग हुई, जबकि दूसरी महिला डायबिटिक थी और उसका बीपी काफी लो हो गया था।

चिकित्सकों के मुताबिक ऐसे मामलों में शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर असर पड़ सकता है, जिससे किडनी भी प्रभावित हो सकती है।

पहले बीकानेर और कोटा में भी सामने आ चुके मामले

गौरतलब है कि इससे पहले कोटा के अस्पतालों में सिजेरियन डिलीवरी के बाद कई प्रसूताओं की किडनी फेल होने और मौत के मामले सामने आए थे। वहीं बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भी 6 प्रसूताओं की किडनी खराब होने की घटना सामने आई थी, जिनमें दो महिलाओं की मौत हो चुकी है।

अब जोधपुर मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी चिंता बढ़ गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here