ताजा अपडेट पूगल

पूगल सोलर हादसा: क्रेन बेल्ट टूटने से मजदूर की मौत, 5 करोड़ मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

पूगल के अवाडा सोलर प्लांट में हादसा, क्रेन बेल्ट टूटने से मजदूर की मौत; ग्रामीणों में आक्रोश

पूगल। बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन अवाडा सोलर प्लांट में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत के बाद ग्रामीणों और मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया। हादसे के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट के बाहर जमा हो गए और प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए।

जानकारी के अनुसार करणीसर भाटियान गांव के पास स्थित अवाडा सोलर प्लांट में काम करने वाले मोतीगढ़ निवासी ईश्वर सिंह पुत्र किशन सिंह (35) की हादसे में मौत हो गई।

लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान टूटा क्रेन का बेल्ट

ग्रामीणों के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे प्लांट में वाहनों से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान क्रेन में लगा बेल्ट अचानक टूट गया, जिससे मजदूर ईश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल मजदूर को तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां रविवार शाम करीब 4 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

हादसे के बाद मजदूरों और ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि लोडिंग-अनलोडिंग कार्य में पुराने और खराब उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण एक मजदूर की जान चली गई।

परिजनों ने रखी 5 करोड़ मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद मोतीगढ़ सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट के बाहर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने कंपनी के सामने कई मांगें रखीं। इनमें मृतक परिवार को 5 करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, पत्नी को प्रतिमाह 30 हजार रुपये पेंशन, बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने और आवास उपलब्ध कराने जैसी मांगें शामिल हैं।

पुलिस-प्रशासन मौके पर

फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से समझाइश की जा रही है। वहीं हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई कथित लापरवाही की जांच शुरू कर दी गई है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here