ताजा अपडेट लूणकरणसर

बीकानेर: अचानक गाय आने से पलटी बस, 8 माह के मासूम की मौत, 16 यात्री घायल

बीकानेर हाईवे पर भीषण हादसा! अचानक गाय आने से पलटी बस, 8 माह के मासूम की मौत, 16 यात्री घायल

लूणकरणसर। राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से लुधियाना जा रही एक निजी बस के आगे अचानक गाय आ जाने से चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा विश्वकर्मा मार्केट के पास हुआ, जिसमें 8 माह के एक मासूम की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही टाइगर फोर्स के अध्यक्ष महिपाल सिंह लाखाऊ, प्रभुनाथ और राकेश मूंड अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों, मिस्त्रियों तथा करणी जीव रक्षा टीम के सहयोग से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर लूणकरणसर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे में रिशिका, दिवांशी, बबीता, अरमान, जतिन, जगदीश, रोशनी, जवर कुमार, उर्मिला, सीताराम, कृष्ण कुमार, संतोष, पाना, कुणाल, माघ सिंह और नरपत घायल हुए। वहीं महेश शर्मा के 8 माह के पुत्र माधव की इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।

घायलों में से दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 14 यात्रियों को पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया। टाइगर फोर्स की एम्बुलेंस, 108 एम्बुलेंस, अस्पताल की एम्बुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here