बीकानेर में बिना स्थायी भर्ती मिलेगा पढ़ाने का मौका! गेस्ट फैकल्टी के लिए आवेदन शुरू, 27 जुलाई आखिरी तारीख
बीकानेर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विद्यालय स्तरीय छात्रावासों में ‘विद्या संबल योजना’ के तहत गेस्ट फैकल्टी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि योजना के तहत गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के लिए गेस्ट फैकल्टी नियुक्त की जाएगी। इन विषयों को कठिन विषयों की श्रेणी में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा संचालित 15 राजकीय छात्रावासों, जो बीकानेर मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर स्थित हैं, में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को अध्ययन सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक छात्रावास में एक गेस्ट फैकल्टी शिक्षक लगाया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
संबंधित सेवा नियमों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखने वाले सेवानिवृत्त कार्मिक तथा निजी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। गठित चयन समिति द्वारा पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
27 जुलाई तक करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन 27 जुलाई 2026 तक संबंधित ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित राजकीय छात्रावास में जमा कर सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी तथा केवल शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मान्य रहेगी।