बीकानेर। जिले के गजनेर क्षेत्र में दो स्कूली छात्रों के साथ एक गंभीर घटना सामने आई है। गजनेर स्कूल से अपने गांव मानसर लौट रहे दो छात्रों ने कथित रूप से चलती बोलेरो से छलांग लगा दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हालांकि, बाद में उक्त बोलेरो नोखा-दैया मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों में गुजरती हुई दिखाई देने की जानकारी सामने आई है।
मानसर में उतारने की बात कही, लेकिन चालक नहीं रुका
जानकारी के अनुसार घटना 21 जुलाई 2026 की है। मानसर निवासी दोनों छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद गजनेर से एक सफेद बोलेरो में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। छात्रों ने चालक को पहले ही बता दिया था कि उन्हें मानसर में उतरना है, लेकिन आरोप है कि चालक ने गांव में वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ता रहा।
चलती बोलेरो से कूदे दोनों छात्र
बताया जा रहा है कि वाहन नहीं रुकने पर दोनों छात्र चलती बोलेरो से कूद पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों की पहचान नूर मोहम्मद एवं असगर खान, दोनों पिता शरीफ खां भूड़, निवासी मानसर के रूप में हुई है।
फरार बोलेरो CCTV में आई नजर
घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार सफेद रंग की उक्त बोलेरो बाद में नोखा-दैया क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में गुजरती हुई दिखाई दी है। इससे वाहन की पहचान और चालक तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
अब तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पुलिस थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई या पुष्टि सामने नहीं आई है।