पूगल

पूगल: 11 हजार KV लाइन का तार टूटने से 12 भेड़ों की मौत

पूगल में बड़ा हादसा टला, 11 हजार KV लाइन का तार टूटने से 12 भेड़ों की मौत

बीकानेर/पूगल: बीकानेर जिले की पूगल तहसील के आरडी 750 क्षेत्र में मंगलवार सुबह विद्युत लाइन का तार टूटने से दर्दनाक हादसा हो गया। 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। इसकी चपेट में आने से 12 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई।

भेड़-बकरियां लेकर रोही की ओर जा रहे थे पशुपालक

जानकारी के अनुसार नाडा निवासी पशुपालक मोडाराम रायका मंगलवार सुबह अपनी भेड़-बकरियों को लेकर रोही क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 11 हजार केवी विद्युत लाइन का टूटा हुआ तार जमीन पर पड़ा मिला। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण भेड़ें उसकी चपेट में आ गईं और देखते ही देखते 12 भेड़ों की मौत हो गई।

धुआं देखकर पीछे हटे पशुपालक, बची जान

पशुपालक मोडाराम रायका ने बताया कि जब वे तार के नजदीक पहुंचने लगे तो उन्हें जमीन पर पड़े तार के पास से धुआं उठता दिखाई दिया। खतरे को भांपते हुए उन्होंने तुरंत पीछे हटकर अपनी जान बचाई। यदि वे कुछ कदम और आगे बढ़ जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मौके पर पहुंची पुलिस और विद्युत विभाग की टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। विद्युत लाइन का तार किस कारण टूटा और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी है, इसकी जांच की जा रही है।

पशुपालक ने मांगा मुआवजा

हादसे में 12 भेड़ों की मौत से पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। मोडाराम रायका ने प्रशासन और विद्युत विभाग से नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here