नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान के लिए फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FCR) का उपयोग किया है। पुलिस के अनुसार इस प्रक्रिया में कुल 216 लोगों की पहचान की गई है, जिनके नाम पहले से ही दिल्ली पुलिस के आपराधिक रिकॉर्ड में दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के जरिए सबसे अधिक 26 लोग वेस्ट दिल्ली क्षेत्र से चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से 23 और साउथ दिल्ली से 22 लोगों की पहचान हुई है। शेष अन्य विभिन्न जिलों से संबंधित बताए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद चेहरों का मिलान पुलिस रिकॉर्ड से किया गया। जांच के दौरान कई ऐसे लोगों की पहचान हुई, जिनका नाम पहले से विभिन्न आपराधिक मामलों में दर्ज है।
पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन में कुछ आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग भी शामिल हुए थे। इनकी पहचान फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के माध्यम से की गई है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस संबंधित तथ्यों का सत्यापन कर रही है।