ऑपरेशन नीलकंठ में बड़ी कार्रवाई: 5 किलो डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही नेटवर्क
बीकानेर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत हदां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 5 किलो अवैध डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल और वृत्ताधिकारी कोलायत श्यामसिंह के सुपरविजन में हदां थानाधिकारी हंसराज लूणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 20 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान भागो का गांव की ओर से आ रहे लक्ष्मीनारायण पुत्र दानाराम गर्ग (46), निवासी भाणे का गांव, थाना हदां को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 5 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
प्रकरण की आगे की जांच कोलायत थानाधिकारी जसवीर सिंह कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी हंसराज लूणा, प्रकाशचंद, कांस्टेबल मांगीलाल तथा महिला कांस्टेबल सुमित्रा की विशेष भूमिका रही।