ताजा अपडेट राजस्थान

सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी: तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत और 6 घायल

जयपुर-अजमेर हाईवे पर बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 3 की मौत; 6 घायल

जयपुर। जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सांवरिया सेठ मंदिर से दर्शन कर जयपुर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में तीन बच्चों समेत कुल 6 लोग घायल हुए हैं। बस में करीब 20 श्रद्धालु सवार थे। घटना मोखमपुरा थाना क्षेत्र के महला गांव के पास सुबह करीब 5 बजे हुई।

बस का एक्सेल टूटने के बाद हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार जयपुर से करीब 20 लोग निजी बस से चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान बस का एक्सेल टूट गया, जिसके बाद ड्राइवर ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर ठीक करने का प्रयास किया।

इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई।

हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत

दुर्घटना में मधुराज (30) निवासी घाट की गुनी जयपुर, राहुल हरिजन (29) निवासी चांदपोल जयपुर और भंवर सिंह राजावत (30) निवासी कानोता जयपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

घायलों को SMS अस्पताल रेफर किया

सूचना मिलते ही मोखमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया।

घायलों में कांता देवी (51), रेहन (21), वर्षा (16), कार्तिक (8), रेखा (43) और चंचल आदिवाल (13) शामिल हैं। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव दूदू अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here