नोखा

बीकानेर: तेज रफ्तार वाहन ने 22 भेड़ों को रौंदा, दर्जनों घायल, चालक फरार

नोखा. नोखा के चरकड़ा बाइपास पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के रेवड़ को रौंद दिया। हादसे में 22 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

22 भेड़ों की मौके पर मौत, कई गंभीर घायल

पशुपालक मनोहर सिंह और अजित सिंह ने बताया कि वे अपने भेड़ों के रेवड़ के साथ जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने रेवड़ को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 22 भेड़ों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई घायल भेड़ें सड़क पर तड़पती रहीं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, घायल भेड़ों का कराया उपचार

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल भेड़ों को सड़क से हटाकर उनके उपचार की व्यवस्था की। इस दौरान रोड़ा सरपंच ऋषिराज सिंह, मगनाराम केडली, बजरंग चिताणा सहित अनेक ग्रामीण राहत कार्य में जुटे रहे।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग

हादसे से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन और चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

सूचना मिलने पर नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी। वहीं पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने घायल भेड़ों का उपचार शुरू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए चरकड़ा बाइपास पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here