श्रीडूंगरगढ़ हाईवे हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़ा! 6 साल की मासूम समेत 3 की मौत, बस चालक पर बड़ा आरोप
श्रीडूंगरगढ़. बीकानेर-श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाईवे-11 पर स्लीपर बस और बोलेरो की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत ने तीन जिंदगियां छीन लीं। उपचार के दौरान 6 वर्षीय शिवानी, 18 वर्षीय मेघा और बोलेरो चालक दानाराम की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल पांच अन्य लोगों का पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।
हादसे के तुरंत बाद सामाजिक संस्थाओं और एंबुलेंस सेवाओं ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शिवानी को आपणो गांव सेवा समिति, मेघा को एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी की एंबुलेंस तथा गंभीर घायल चालक दानाराम को निजी एंबुलेंस के जरिए बीकानेर के पीबीएम ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के आमिर खान ने बताया कि उनकी टीम ने घायलों को जल्द से जल्द ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन दुर्घटना अत्यंत गंभीर होने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि यदि श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की सुविधा होती तो गंभीर घायलों को समय पर विशेषज्ञ उपचार मिल सकता था और संभव है कि कुछ जानें बचाई जा सकतीं। हादसे के बाद क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण स्लीपर बस चालक द्वारा लापरवाही से ओवरटेक करना माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।