बज्जू

नहर में गिरे मजदूर का अगले दिन मिला शव, पानी निकालते समय फिसला पैर

बज्जू। बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में बरसलपुर ब्रांच में पानी निकालते समय नहर में गिरे युवक का शव अगले दिन बरामद होने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। हादसे में भुटाला ऐलनाबाद निवासी 33 वर्षीय मांगराम उर्फ मांगीलाल पुत्र डूंगरमल उर्फ बुधाराम भाट की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कोलायत थाना क्षेत्र के गुड़ा निवासी 21 वर्षीय नथूराम पुत्र दूलाराम भाट ने बज्जू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके जीजा मांगराम उर्फ मांगीलाल इन दिनों परिवार के साथ आरडी 860 के पास मजदूरी के लिए रह रहे थे।

रिपोर्ट के अनुसार, 24 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे बरसलपुर ब्रांच में बाल्टी से पानी निकालते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिर गए। घटना के बाद परिजनों ने रातभर और अगले दिन तक उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।

25 जुलाई की शाम करीब सात बजे बरसलपुर ब्रांच की चार वाली पुली के पास पानी में उनका शव मिला। सूचना मिलने पर बज्जू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बज्जू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here