कोलायत

कोलायत: कोर्ट के आदेशों की अनदेखी पर भड़के VDO, 24 अगस्त को जिला परिषद घेराव का ऐलान

कोर्ट के आदेशों की अनदेखी पर भड़के VDO, 24 अगस्त को जिला परिषद घेराव का ऐलान

कोलायत: राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ की उपशाखा कोलायत ने ट्रांसफर, पदस्थापन और बकाया वेतन भुगतान से जुड़े कोर्ट के आदेशों की पालना नहीं होने पर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को VDO संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विकास अधिकारी कोलायत को ज्ञापन सौंपकर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।

संघ के जिला प्रतिनिधि रामचंद्र मेघवाल, ब्लॉक अध्यक्ष शक्ति शेखर सिंह, मंत्री शिवानी गिरी सहित ग्राम विकास अधिकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि कोर्ट के स्टे और अपास्त आदेशों की तत्काल पालना नहीं हुई तो 24 अगस्त को बीकानेर जिला परिषद का महापड़ाव और घेराव किया जाएगा।

पहले भी दिया जा चुका है ज्ञापन

संघ पदाधिकारियों के अनुसार 16 अगस्त को बीकानेर में आयोजित जिला कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गई थी। इससे पहले 31 जुलाई को ग्राम विकास अधिकारियों के पदस्थापन और बकाया वेतन भुगतान को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

24 अगस्त तक चलेगा चरणबद्ध आंदोलन

  • 18 अगस्त: संबंधित ब्लॉक विकास अधिकारियों को ज्ञापन।
  • 19 अगस्त: जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त और जिला परिषद CEO को ज्ञापन।
  • 20 अगस्त: सभी पंचायत समितियों के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुपों से लेफ्ट होंगे।
  • 21 अगस्त: स्वामित्व योजना, SFC और FFC सहित सरकारी योजनाओं का बहिष्कार किया जाएगा। व्यक्तिगत लाभ की योजनाएं इससे बाहर रहेंगी।
  • 24 अगस्त: बीकानेर जिला परिषद में महापड़ाव और घेराव किया जाएगा।

अवमानना याचिका की भी चेतावनी

VDO संघ ने स्पष्ट किया कि कोर्ट के आदेशों की अवहेलना जारी रहने पर प्रशासन के खिलाफ न्यायालय में अवमानना याचिका दायर करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संघ ने योजनागत कार्यों के बहिष्कार की भी चेतावनी दी है।

संघ का कहना है कि उनकी मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अब प्रशासन और VDO संघ के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं और 24 अगस्त को होने वाले जिला परिषद घेराव पर सभी की नजर रहेगी।

Single Post Ad AreaRecommended Size: 728x90, 336x280 or responsive in-articlePaste Google AdSense code here