बज्जू में युवक का अपहरण कर मारपीट का आरोप, धमकाकर मोबाइल पर जबरन बनवाया झूठा वीडियो
बीकानेर। बज्जू थाना क्षेत्र के गोगड़ियावाला (भडल) गांव में एक युवक के साथ अपहरण, मारपीट और धमकाकर मोबाइल पर जबरन वीडियो रिकॉर्ड करवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित असकरखां ने छह लोगों के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घूमने के बहाने गाड़ी में बैठाकर ले जाने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार, 12 नवंबर की शाम आरोपी असकरखां को घूमने के बहाने गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि रात में बीकमपुर रोड पर गाड़ी रोककर उसके साथ लाठियों और सरियों से मारपीट की गई।
नहर में फेंकने और जान से मारने की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे नहर में फेंकने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोबाइल पर जबरन एक वीडियो रिकॉर्ड करवाया गया, जिसमें उससे यह बयान दिलवाया गया कि उसने मोतीसिंह को एक लड़की के साथ देखा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब 12 बजे उसे गांव के पास छोड़ दिया गया। अगले दिन आरोपी खेत में पहुंचे और उसे किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी दी।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
असकरखां ने हुकमसिंह, नरपतसिंह, हड़मानसिंह, गुलाबसिंह, ईश्वरसिंह और उम्मेदसिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाधिकारी चन्द्रजीतसिंह भाटी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच हेड कांस्टेबल अमित कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

